नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), कोटा, राजस्थान की टीम ने नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर मादक पदार्थ तस्करी की बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.135 किलो अवैध अफीम जब्त की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
कोटा उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए टीम ने पार्श्वनाथ वेयरहाउस के पास नाकेबंदी की। महिंद्रा टीयूवी 300 कार में डिग्गी के अंदर अफीम छिपाकर लाई जा रही थी, जिसे रोककर बरामद किया गया।
कार्रवाई विशिष्ट खुफिया सूचना पर की गई थी कि नीमच से मारवाड़ की ओर अफीम की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर राजस्थान से विशेष टीम भेजी गई और संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी गई।
दोनों तस्करों को एनडीपीएस एक्ट 1985 की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच जारी है।