देवास। आगामी त्योहार को लेकर देवास पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आ रही है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाए जाने के उद्देश्य से शहर में देवास पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस बल ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को शांति, भाईचारे और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल सहित विभिन्न थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की इस मुस्तैदी से शहर में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि त्योहार के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि रंगों के इस पर्व को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।