राजगढ़। नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर में जनसहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने पुलिस थाना राजगढ़ में बनाए गए कंट्रोल रूम का फीता काटकर इस व्यवस्था की शुरुआत की। साथ ही कंट्रोल का रूम का अवलोकन कर जानकारी ली।
इससे पहले पुलिस थाना राजगढ़ प्रांगण में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं, व्यापारी बंधुओं तथा जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम में मंचासीन पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार और तहसीलदार मुकेश बामनिया उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, नागरिकों और संस्थाओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा शील्ड और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। फिलहाल, नगर में 13 प्रमुख स्थानों पर 42 सीसीटीवी कैमरे चालू कर दिए गए हैं, जबकि तीन स्थानों पर कैमरे लगाना अभी शेष है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने कहा कि नगर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पुलिस और जनता के आपसी सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब समाज पुलिस को मित्र मानकर सहयोग करता है तो कानून व्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी मदद मिलती है। उन्होंने नगर के नागरिकों द्वारा दिखाई गई सक्रियता और जागरूकता की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता का जुड़ाव बहुत महत्वपूर्ण है और इसी सहयोग के माध्यम से आगे भी कई सकारात्मक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस विषय पर सामूहिक रूप से मंथन करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सामाजिक चेतना के साथ पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अभिमन्यु अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और समाज को जागरूक किया जा रहा हैं। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर ने कहा कि वर्तमान समय में सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच बन चुके हैं। किसी भी बड़े अपराध की जांच में कैमरे काफी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कैमरों के रखरखाव को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए ताकि यह व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे। कार्यक्रम को डॉ. एमएल जैन, भाजपा नेता नवीन बनिया, मनोज माहेश्वरी, नीलेश सोनी, हुसैन बोहरा और बाबूलाल चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया। आभार थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने माना।