नीमच। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कैंसर और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार सुबह शहर में भव्य कार रैली निकाली गई। यह रैली जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जिटो) लेडीज विंग और जिटो यूथ विंग, नीमच द्वारा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की गई।
जागरूकता कार रैली सुबह दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पोस्टर और बैनरों के माध्यम से नागरिकों को कैंसर और थैलेसीमिया जैसी बीमारियों की समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
रैली के समापन के बाद किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी मेडिकल सीआरपीएफ डॉ. पद्मावती चौधरी, स्पेशल मेडिकल ग्रेड-1 डॉ. संस्कृति शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, डॉ. मनीषा चामड़िया और सत्येंद्र सिंह राठौर मंचासीन रहे।
सेमिनार में डॉ. मनीषा चामड़िया ने कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं सत्येंद्र सिंह राठौर ने थैलेसीमिया की जांच और इससे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता से इन गंभीर बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।