खरगोन। जिले के कसरावद नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का पर्व रंग पंचमी हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे नगर में सुबह से ही रंग और गुलाल की बौछार के बीच लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं जगह-जगह युवाओं और सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजन कर रंग पंचमी को खास अंदाज में मनाया गया।
नगर परिषद कसरावद परिसर में भी रंग पंचमी का उत्साह देखने को मिला। यहां अध्यक्ष प्रतिनिधि, समस्त पार्षद, नगर पंचायत के सीएमओ कमलेश गोली सहित परिषद के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की बधाई दी और फिल्मी गीतों की धुन पर जमकर ठुमके लगाए। इस दौरान पूरे परिसर में रंगों और खुशी का माहौल बना रहा।वहीं नगर के छोटा नाका पैनल अजय मंडलोई मित्र मंडल द्वारा भी रंग पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। युवाओं ने ढोल और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए एक-दूसरे को गुलाल लगाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि ने नगर के समस्त नागरिकों को रंग पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। रंग पंचमी के इस उत्सव ने पूरे नगर को रंगों और उल्लास से सराबोर कर दिया।