खरगोन। शहर के डाबरिया रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगी आग से उठ रहे घने धुएं के कारण आसपास के इलाकों के लोग परेशान हो गए। धुआं गोपालपुरा सहित कई बस्तियों में फैलने से नाराज नागरिकों ने गोपालपुरा रोड पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया और नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार डाबरिया प्लांट के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर रविवार देर रात करीब 1रू30 बजे आग लग गई। आग से उठता घना धुआं आसपास के क्षेत्रों में फैलने लगा, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि आग लगने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने समय पर ध्यान नहीं दिया और फोन तक उठाने को तैयार नहीं थे।
प्रदर्शन के दौरान मनोज और मुकाती ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे से आग लगी हुई है और धुएं के कारण लोग काफी परेशान हो रहे हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरकर चक्काजाम करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी रोहित अलावे और मेंगांव चौकी प्रभारी सुदर्शन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नागरिकों से चर्चा कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगने वाली आग और उससे फैलने वाले धुएं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।