नीमच। होली पर्व के अवसर पर लखेरा समाज नीमच द्वारा स्नेह मिलन एवं फागोत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कीम नंबर 10 स्थित चौना मातादृकुशला माता मंदिर परिसर में किया गया, जहां समाज के महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान रंग, गुलाल और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव अयोध्यादास जी महाराज द्वारा ठाकुर जी को होली गीत सुनाकर किया गया। उनके द्वारा प्रस्तुत भक्ति भाव से सराबोर होली गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित समाजजन भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और स्नेहपूर्वक गले मिलकर भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया।
फागोत्सव के दौरान पारंपरिक फाग गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दी गईं। भजनों की धुन पर समाजजन झूमते नजर आए और कई लोगों ने नृत्य कर उत्सव का भरपूर आनंद लिया। इस दौरान फूलों की होली भी खेली गई, जिसमें गुलाब और अन्य फूलों की वर्षा के बीच समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। फूलों और अबीर-गुलाल से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह रंगमय और आनंदमय बन गया।
आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर सुरेश बागड़ी, रतन हाटडिया, लालचन्द्र बागड़ी, गोपाल भाटी, अमृत बागड़ी, रमेश चंद्र चौहान, राधेश्याम केथुनिया, लाला भाई सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को होली की बधाई देते हुए समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। समाज की महिलाओं और युवाओं ने फाग गीतों पर सामूहिक नृत्य कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी समाजजनों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करते रहने की बात कही।
उक्त जानकारी समाज के अमृत बागड़ी द्वारा दी गई।