देवास। भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और न्यूज़ीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेले गए मैच में भारत की जीत के बाद देर रात शहर में जश्न का माहौल था। बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी सयाजी द्वार पर एकत्रित होकर आतिशबाजी करते हुए भारत माता के जयकारे लगा रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात था।
इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने जश्न के माहौल को हुड़दंग में बदल दिया। जानकारी के अनुसार हुड़दंगियों ने जलते हुए बम और पटाखे भीड़ की ओर फेंकना शुरू कर दिए। पहले आम लोगों की तरफ पटाखे फेंके गए और कुछ ही देर में पुलिस को भी निशाना बनाया गया।मौके पर मौजूद सीएसपी सुमित अग्रवाल और पुलिस जवानों पर भी जलते हुए बम फेंके गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित क्यूआरएफ के दो जवान घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और हुड़दंग मचाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।