मनासा। नगर में जिला प्रशासन द्वारा “संकल्प से समाधान अभियान” एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं और महिलाओं को निःशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं, साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए निःशुल्क हेलमेट भी प्रदान किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत मनासा में अब तक करीब 60 महिलाओं ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए निःशुल्क पंजीयन कराया है। सोमवार को शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय में आयोजित विशेष शिविर में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने छात्राओं को ड्राइविंग लाइसेंस की प्रति और हेलमेट वितरित किए। लाइसेंस और हेलमेट प्राप्त कर बालिकाओं में विशेष उत्साह देखा गया।
लाभार्थी शिवानी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा लाइसेंस के साथ हेलमेट प्रदान कर बेटियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है, जो सराहनीय पहल है। विधायक अनिरुद्ध मारू ने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में सहायक संचालक वैभव बैरागी, जिलामंत्री अश्विन सोनी, आनंद श्रीवास्तव, महिला एवं बाल विकास सभापति टीना परमेश्वर दड़ींग, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ सहित विभागीय अधिकारी, पर्यवेक्षक, छात्राएं और महिलाएं उपस्थित रहीं।