नीमच। अपनी समस्या के समाधान के लिए लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर काट रहे एक किसान ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। जीरन तहसील के ग्राम जोरन निवासी नरेंद्र कुमार पाटीदार गले में अपने आवेदनों और दस्तावेजों की माला पहनकर जनसुनवाई में पहुंचे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
नरेंद्र पाटीदार ने बताया कि उन्होंने अपनी निजी खाता भूमि तक आने-जाने के लिए रास्ता दिलाने संबंधी आवेदन राजस्व विभाग में दिया था। इस मामले में तहसील जीरन के प्रकरण क्रमांक 07/1 13/24-25 में 15 सितंबर 2024 को आदेश पारित कर राजस्व निरीक्षक जीरन को रास्ता स्वतंत्र कराने के निर्देश भी दिए गए थे।
किसान का आरोप है कि आदेश पारित होने के बावजूद आज तक उसका पालन नहीं कराया गया। शासकीय भूमि से होकर उसकी जमीन तक जाने वाला रास्ता कुछ लोगों द्वारा अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे उसे अपनी ही जमीन तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
कई बार आवेदन और शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं होने से परेशान किसान ने जनसुनवाई में इस अनोखे तरीके से विरोध जताकर प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
किसान ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित राजस्व निरीक्षक को निर्देशित कर पूर्व में पारित आदेश का तत्काल पालन कराया जाए और उसकी जमीन तक जाने का रास्ता जल्द से जल्द खुलवाया जाए।