नीमच। शक्तिनगर क्षेत्र की निवासी रेखा जोशी ने थाना बघाना के पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और जबरन मोबाइल जब्त करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत आवेदन सौंपा है। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में रेखा जोशी ने बताया कि 2 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे थाना बघाना के कुछ पुलिसकर्मी उनके पास पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के उनके और उनकी 70 वर्षीय माता के साथ अभद्र और अपमानजनक व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें झूठी रिपोर्ट में फंसाने की धमकी दी और उनका मोबाइल जबरन जब्त कर लिया।
रेखा ने बताया कि जब उन्होंने पुलिस को एसपी कार्यालय जाने की बात कही, तो एक पुलिसकर्मी ने उनका हाथ पकड़कर अंदर ले जाकर धक्का दिया, जिससे उनके हाथ में सूजन और दर्द हुआ। वहीं, उनकी वृद्ध माता को बंद करने और मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
महिला का कहना है कि उस समय उनके घर पर उनकी 7 वर्षीय बेटी अकेली थी, लेकिन उन्हें फोन करने की अनुमति नहीं दी गई। इसके अलावा उनसे खाली कागजों पर हस्ताक्षर करने और 181 पर की गई शिकायत वापस लेने के लिए दबाव भी बनाया गया।
रेखा जोशी ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें तथा उनकी माता को न्याय दिलाने की मांग की है।