देवास। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से जिले में कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिले में 10 स्थानों पर यह टीकाकरण किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि जिला चिकित्सालय देवास सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूक माता-पिता 14 वर्ष की बेटियों को लेकर स्वयं पहुंच रहे हैं। अब तक देवास जिले में अभियान के दौरान 861 बालिकाओं ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका लगवाया है। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने के लिए निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। एचपीवी टीकाकरण अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष पूर्ण न करने वाली बालिकाओं (जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है लेकिन अभी तक अपना 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है) को निःशुल्क एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है, जो सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुनील तिवारी ने बताया कि टीकाकरण के दिन अभिभावक अपनी बेटी के साथ मोबाइल फोन अवश्य लेकर आएं तथा आयु प्रमाण के रूप में आधार कार्ड, राशन कार्ड या स्कूल की मार्कशीट जैसे दस्तावेज साथ लाएं। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने चिन्हित आयु वर्ग की बालिकाओं के अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं और उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में सहयोग करें।