उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह द्वारा सिंहस्थ महापर्व के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रगतिरत अधोसंरचना विकास कार्यों का औचक निरीक्षण मंगलवार को किया गया। कलेक्टर सिंह ने निरीक्षण के दौरान सदावल में हेलीपैड निर्माण के साथ ही सिंहस्थ के लिए महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्याे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने निर्माण कार्य कराने वाले संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माणाधीन विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।मंगलवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पाेरेशन द्वारा राजस्व विभाग के लिए निर्मित किए जा रहे आवासीय क्वार्टर्स का निरीक्षण किया। कलेक्टर सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उक्त परियोजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के आवासीय क्वार्टर्स का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें ई-प्रकार के 10, एफ-प्रकार के 14, जी- प्रकार के 20, एच-प्रकार के 13 तथा आई-प्रकार के 10 क्वार्टर्स शामिल है।
कलेक्टर सिंह द्वारा सदावल क्षेत्र में निमार्णाधीन हेलीपैड के कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंह ने निर्देश दिए कि हेलीपैड से संबंधित एप्रोच रोड का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा परिसर में विकसित किए जा रहे लाउंज का कार्य भी पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित विभाग को वीआईपी एवं वीवीआईपी मूवमेंट के लिए समुचित सकुर्लेशन प्लान तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सदावल हेलीपैड के साथ सुव्यवस्थित लाउंज का निर्माण कार्य भी प्रगतिरत है।
इसके बाद कलेक्टर सिंह ने लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित की जा रही फोरलेन सड़कों का भी निरीक्षण किया। इन मार्गों में रणजीत हनुमान मंदिर से मौजमखेड़ी तथा कालभैरव से मौजमखेड़ी मार्ग शामिल है। कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि सीमेंट, कंक्रीट कार्य करने के दौरान यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रात्रि के समय किया जाए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर सिंह ने श्री रणजीत हनुमान मंदिर मार्ग पर निर्माणाधीन पुल और फोरलेन मार्ग निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।कलेक्टर सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि सिहंस्थ 2028 के लिए विकास कार्यों को कराने वाले सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जंक्शनों की उचित एवं सुव्यवस्थित योजना तैयार की जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि लोक निर्माण विभाग (सिंहस्थ) द्वारा रणजीत हनुमान से सिंहस्थ बाईपास तक गोंसा मार्ग से होते हुए फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य भी प्रगतिरत है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।