धार। पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-इज़राइल युद्ध के कारण गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं धार शहर की गैस एजेंसियों पर भी उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है।
शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर इन दिनों बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। कई उपभोक्ता सीधे एजेंसी के गोदाम से सिलेंडर लेने आ रहे हैं। धार की भाकर गैस एजेंसी के गोदाम पर भी सुबह से ही भीड़ देखी गई, जहां लोगों के चेहरों पर समय पर सिलेंडर मिलने की चिंता साफ झलक रही थी।
भीड़ के चलते नियम बदला
भाकर गैस एजेंसी के गोदाम प्रभारी शाहरुख शेख ने बताया कि एजेंसी के पास फिलहाल गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।
हालांकि, शेख ने बुकिंग व्यवस्था में कुछ बदलाव की जानकारी दी। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए दो दिन पहले बुकिंग करानी होगी। इसके अतिरिक्त, एक बार सिलेंडर मिलने के बाद अगला सिलेंडर लगभग 25 दिन बाद ही मिल पाएगा। पहले कई बार उपभोक्ताओं को एक-दो दिन में ही बुकिंग मिल जाती थी।
इस नई व्यवस्था के कारण उन परिवारों में चिंता बढ़ गई है, जिनके यहां शादी या अन्य पारिवारिक कार्यक्रम होने वाले हैं। हालांकि, एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है।