नीमच। थाना नीमच सिटी क्षेत्र में हाईवे रोड स्थित बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पंप पर रास्ता भटके दो मासूम बच्चों को डायल- 112 पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित उनके परिजनों से मिला दिया।

राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल- 112 भोपाल को 11 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि पेट्रोल पंप पर दो बच्चे मिले हैं, जिनका परिजनों से संपर्क टूट गया है। सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना क्षेत्र में तैनात डायल- 112 वाहन को मौके पर भेजा गया।

डायल- 112 स्टाफ सउनि विजेंद्र सिंह चौहान और पायलट विनोद शर्मा मौके पर पहुंचे और बच्चों को संरक्षण में लिया। बच्चों ने बताया कि वे पिकअप वाहन से जा रहे थे। पेट्रोल पंप पर पिकअप में पेट्रोल भरते समय वे पानी पीने के लिए उतर गए और इसी दौरान वाहन आगे निकल गया।

पुलिस टीम ने पिकअप के नंबर के आधार पर संपर्क नंबर प्राप्त कर परिजनों से संपर्क किया और उन्हें थाने बुलाया। इसके बाद बच्चों को एफआरवी वाहन से थाने लाया गया। परिजनों के पहुंचने पर पहचान और सत्यापन के बाद बच्चों को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
