नीमच। शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले अंतरराज्यीय चेन स्नेचर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। करीब तीन सप्ताह तक चली सघन जांच, 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और कई राज्यों में दबिश देने के बाद पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 17 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे जवाहर नगर में शादी समारोह से घर लौट रही एक महिला को निशाना बनाकर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर करीब दो तोले की सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना नीमच कैंट और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर मंदसौर, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ तक उनकी तलाश की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देते थे। 7 मार्च को आरोपी फिर से नीमच में वारदात करने पहुंचे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना विफल हो गई। पुलिस का पीछा करने पर वे रामपुरा के आगे जंगलों में मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 8 मार्च को गांधीसागर क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया, जहां पुलिस ने जंगलों में घेराबंदी कर कोटा (राजस्थान) निवासी पुष्पेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी दीपक मीणा मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस टीम ने कोटा पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दीपक मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पुष्पेंद्र शर्मा के खिलाफ कोटा और भीलवाड़ा में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दीपक मीणा के खिलाफ भी चोरी, हत्या के प्रयास और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक आरजे-20 बीबी-6072 जब्त कर ली है।

इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक निलेश अवस्थी, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे, रामपुरा थाना प्रभारी विपिन मसीह सहित नीमच कैंट थाना, साइबर सेल और रामपुरा पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
