देवास। अमित नगर गृह निर्माण सहकारी समिति से जुड़े बहुचर्चित धोखाधड़ी मामले में औद्योगिक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर की गई, जिन्होंने लंबे समय से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे।
पुलिस ने इस मामले में गुंजन चौधरी,दिलीप चौधरी निवासी देवास तथा मनोज पटेल निवासी टिगरिया गोगा को गिरफ्तार किया है।
औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमित नगर गृह निर्माण सहकारी समिति का गठन वर्ष 1980 के आसपास किया गया था। आरोप है कि तत्कालीन संचालक मंडल ने समिति पर कब्जा कर सदस्यता प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं कीं। इसके तहत कई पात्र लोगों को अवैध घोषित कर उनके अधिकारों से वंचित कर दिया गया और फर्जी तरीके से अन्य लोगों को लाभ पहुंचाया गया।
फरियादियों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।