शिवपुरी। शहर के लुधावली क्षेत्र में मंगलवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक टपरिया में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टपरिया में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
टपरिया के स्वामी के अनुसार घटना के समय वह और उनके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और उससे निकली चिंगारी टपरिया पर गिर गई। देखते ही देखते टपरिया में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया।
समय रहते बाहर निकलीं बुजुर्ग मां और बच्ची
जब परिवार के लोग घर लौटे तब तक टपरिया पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी। उस समय घर के अंदर उनकी बुजुर्ग मां और छोटी भतीजी सो रही थीं, लेकिन आग की आहट मिलते ही दोनों समय रहते बाहर निकल आईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गाय झुलसी, लाखों का नुकसान
आग लगने से टपरिया में बंधी एक गाय भी झुलस गई। वहीं घर में रखे करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद, टीवी, कूलर, राशन और अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। परिवार ने इस घटना में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए प्रशासन से उचित मुआवजा देने की अपील की है।