दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव की संकल्प यात्रा को पुलिस ने दतियादृगोराघाट बॉर्डर पर रोक दिया। यह यात्रा ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के संकल्प के साथ निकाली जा रही थी। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के लिए आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च को दामोदर यादव अपने समर्थकों के साथ दतिया से गोराघाट होते हुए डबरा और वहां से ग्वालियर के लिए संकल्प यात्रा लेकर निकले थे। लेकिन यात्रा की अनुमति न होने के कारण दतिया जिला प्रशासन ने पहले से ही गोराघाट बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था।
जैसे ही दामोदर यादव अपने समर्थकों के साथ गोराघाट पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान समर्थकों ने आगे जाने का प्रयास किया, जिसके बाद हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और पानी की बौछार का सहारा लेना पड़ा।
स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने दामोदर यादव सहित सैकड़ों समर्थकों को हिरासत में ले लिया।
मीडिया से बातचीत में दामोदर यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मनमाने तरीके से उनकी यात्रा को रोका है। उन्होंने कहा कि अगली बार वह लाखों समर्थकों के साथ फिर यात्रा निकालेंगे और ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करेंगे।