रतलाम। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत रतलाम के प्रतिवेदन तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्राप्त समाचार के आधार पर ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव सत्यनारायण सरवाड (सेन) को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, भू-खण्ड नामांतरण के संबंध में रिश्वत मांगने की शिकायत पर 9 मार्च 2026 को लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सचिव सत्यनारायण सरवाड को 4500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत रतलाम निर्धारित किया गया है।
निलंबन अवधि में सचिव सत्यनारायण सरवाड को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।