नीमच। जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में बुधवार को जिले में महाअभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा एनआरएलएम के मैदानी अमले का दल गठित कर संयुक्त मोबिलाइजेशन की कार्ययोजना बनाई गई।
इस योजना के परिणामस्वरूप जिले में अब तक का एक दिवसीय सर्वाधिक टीकाकरण किया गया। उक्त जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि महाअभियान के आयोजन के लिए जिले में विशेष तैयारी की गई तथा मॉनिटरिंग कार्ययोजना तैयार की गई।
अभियान दिवस बुधवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव ने सिविल हॉस्पिटल जावद, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डीकेन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवानिया महाराज में संचालित टीकाकरण बूथों का औचक निरीक्षण किया और वहां दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर वैष्णव ने मोबिलाइजेशन टीम से चर्चा करते हुए कार्य के दौरान आने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा टीम को आगामी दिनों में और बेहतर कार्य करने के लिए निर्देश दिए।
महाअभियान के दौरान अनुविभागीय अधिकारी नीमच संजीव साहू, अनुविभागीय अधिकारी जावद प्रीति संघवी नाहर सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने भी विभिन्न टीकाकरण बूथों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार महाअभियान निरंतर जारी रहेगा तथा फील्ड स्तर की टीमें संयुक्त रूप से प्रतिदिन मोबिलाइजेशन कार्य करेंगी, जिससे अधिक से अधिक किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण कर उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान की जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि आगामी दिनों में भी निर्धारित सत्र स्थलों पर टीकाकरण सेवाएं निरंतर उपलब्ध रहेंगी, जहां 14 वर्ष की किशोरियों को टीके लगाए जाएंगे।
डॉ. प्रसाद ने बताया कि यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है। जिले में अब तक 700 से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं और अभी तक इसका कोई भी प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है। उन्होंने सभी किशोरियों से अपील की कि वे बिना किसी भय के, अफवाहों पर ध्यान न देते हुए इस टीके को लगवाकर अपने भविष्य को कैंसर जैसी भयावह बीमारी से सुरक्षित बनाएं।