रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में नरवाई प्रबंधन के लिए किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी देने के उद्देश्य से 10 मार्च से 13 मार्च तक विभिन्न विकासखंडों में कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
आज 11 मार्च को पिपलोदा के ग्राम जेठाना में किसान जगदीश माली निवासी ग्राम शक्कर खेड़ी की कोंबो कंबाइन हार्वेस्टर के द्वारा गेहूं की कटाई, थ्रेशिंग व भूसा एकत्रीकरण एक साथ करने का प्रदर्शन किया गया। ग्राम रणायरा में ट्रैक्टर चलित रीपर कम बाइंडर व ग्राम झांतला में स्वचालित रीपर कम बाइंडर का प्रदर्शन किया गया जो कि गेहूं की कटाई कर गेहूं को बांधने का काम करती है। इन यंत्रों के उपयोग से कटाई पश्चात गेहूं के डंठल न्यूनतम बचते हैं तथा उचित प्रबंधन से नरवाई को खेतों में मिलाया जा सकता है।
किसानों से अपील की गई की कटाई पश्चात गेहूं की नरवाई को न जलाकर बचे गेहूं के डंठल को कृषि यंत्रों जैसे- रोटावेटर, पाटा, मल्चर व प्लाऊ की मदद से मिट्टी में मिलाकर नरवाई का प्रबंधन करें। साथ ही कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा बायो डी कंपोजर के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई तथा किसानों से नरवाई प्रबंधन में आने वाली चुनौतियों के बारे में चर्चा की गई। किसानों ने भी सहमति जताई कि वे नरवाई न जलाकर उचित प्रबंधन करेंगे। इन यंत्रों के माध्यम से फसल कटाई के बाद नरवाई प्रबंधन को आसान बनाने और खेतों में अवशेष जलाने की समस्या को कम करने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान सहायक कृषि यंत्री विजय मीणा, कृषि उप यंत्री पवन गुंदारिया, कृषि विस्तार अधिकारी प्रदीप मईडा, सुनील कुमावत एवं किसान उपस्थित थे।
12 मार्च को आलोट के ग्राम पिपलिया सिसोदिया, ग्राम लसुड़ियाखेड़ी, ग्राम नाकटवाड़ा बडागाँव एवं 13 मार्च को सैलाना के ग्राम नायन, ग्राम भैरूघाट, ग्राम अड़वानिया, ग्राम सैलाना में डिमोस्ट्रेशन किया जाएगा।