सरवानिया महाराज। राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) परीक्षा में इस वर्ष शासकीय माध्यमिक विद्यालय ढाबा के तीन तथा आमलीभाट के एक विद्यार्थी का चयन हुआ है। यह परीक्षा केंद्र सरकार द्वारा कक्षा 8वीं के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है।
चयनित विद्यार्थियों में सुमन घनश्याम सिंह हाड़ा, जितेंद्र गणपत धनगर, हेमंता अजय जाटव (माध्यमिक विद्यालय ढाबा) तथा दीक्षांत नीलेश दास (माध्यमिक विद्यालय आमलीभाट) शामिल हैं। इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रति वर्ष 12 हजार रुपए, कुल 48 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
सत्र 2025-26 में आयोजित परीक्षा में नीमच जिले से कुल 56 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जिनमें से 17 विद्यार्थी जावद विकासखंड से हैं। इनमें चार विद्यार्थी ढाबा और आमलीभाट विद्यालय के चयनित होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य आरके मीणा, सरपंच प्रतिनिधि भंवर सिंह हाड़ा, जन शिक्षक सुनील कारपेंटर, प्रधानाध्यापक दिनेश पाटीदार, विनोद बिलावत, एसएमसी अध्यक्ष तुलसीराम धनगर, गणपत धनगर, घनश्याम सिंह हाड़ा, अजय जाटव सहित विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों का सम्मान कर शुभकामनाएं दीं।
साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों को गांव के शासकीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाकर शिक्षा से जोड़ें।