मंदसौर। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत नगर क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ई-दक्ष केंद्र मंदसौर के कंप्यूटर हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, नोडल अधिकारी जनगणना अभिषेक ठाकुर, चार्ज अधिकारी, लिपिक, ऑपरेटर एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना पुस्तिका, सीएमएमएस पोर्टल तथा हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के गठन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य किया जाएगा, जिसके लिए HLB का गठन और वेब मैपिंग एप्लिकेशन पर चिन्हांकन किया जाना आवश्यक है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि CMMS (Census Monitoring and Management System) पोर्टल के माध्यम से जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से संचालित होगी। इसके जरिए ब्लॉक निर्माण, मैपिंग, यूजर आईडी, प्रशिक्षण, डेटा मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग का कार्य किया जाएगा।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि प्रत्येक HLB में लगभग 750 से 800 व्यक्ति या 180 से 200 मकानों का क्षेत्र शामिल किया जाएगा और उपग्रह चित्रों के आधार पर डिजिटल मैपिंग की जाएगी।
अधिकारियों को HLBC वेब मैपिंग एप्लिकेशन के माध्यम से ब्लॉक तैयार करने तथा मोबाइल ऐप से जियो-टैगिंग की प्रक्रिया का अभ्यास भी कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2027 की जनगणना पूरी तरह डिजिटल तरीके से की जाएगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी।