मंदसौर। जिले में बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर उत्साहजनक माहौल देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में बालिकाएं आगे आकर वैक्सीन लगवा रही हैं और अन्य को भी प्रेरित कर रही हैं। जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिन 14-15 वर्ष की बालिकाओं ने अभी तक टीका नहीं लगवाया है, वे शीघ्र वैक्सीनेशन कराकर भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिले की स्त्री रोग विशेषज्ञ महिला डॉक्टरों ने भी अभियान को समर्थन देते हुए स्वयं वैक्सीन लगवाकर लोगों को जागरूक किया है।
एक महिला चिकित्सक ने बताया कि उन्होंने स्वयं और अपनी बेटी को भी एचपीवी वैक्सीन लगवाई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं को कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच दिया जा रहा है और जनसहयोग से अभियान सफल हो रहा है।