खरगोन जिले के कसरावद के सैलानी घाट क्षेत्र में शराब से भरे एक ट्रक का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार माउंट बियर शराब की करीब 1400 पेटियों से भरा ट्रक करीब 22 दिनों तक सैलानी घाट क्षेत्र में खड़ा रहा, लेकिन इतने लंबे समय तक आबकारी विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।
बताया जा रहा है कि यह ट्रक 18 फरवरी से सैलानी घाट क्षेत्र में खड़ा था। बाद में ट्रक ड्राइवर द्वारा सूचना दिए जाने के बाद आबकारी विभाग हरकत में आया। आबकारी अधिकारी मुकेश गौर के अनुसार ड्राइवर ने 18 फरवरी को ही सूचना दी थी, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई की।
हालांकि इस पूरे मामले में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शराब से भरा ट्रक करीब 22 दिन तक सार्वजनिक स्थान पर खड़ा रहा और विभाग को इसकी जानकारी तक नहीं हुई, या फिर जानकारी होने के बावजूद इसे अनदेखा किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सैलानी घाट क्षेत्र से लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में शराब से भरे ट्रक का लंबे समय तक खड़ा रहना प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़ा करता है।
मामले में यह भी जांच का विषय है कि
ट्रक यहां किसके निर्देश पर खड़ा किया गया था
शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां ले जाई जानी थी
और 22 दिन तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई
फिलहाल मामला सामने आने के बाद आबकारी विभाग की भूमिका को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच होती है तो अवैध शराब परिवहन और विभागीय लापरवाही से जुड़े कई बड़े तथ्य सामने आ सकते हैं।