मनासा। रामपुरा रोड स्थित हाड़ी पिपलिया के समीप मंगलवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान प्रकाश (34) पिता मांगीलाल बंजारा, निवासी जोरावरपुरा तथा बबलू (34) पिता नंदलाल गंधर्व, निवासी हाड़ी पिपलिया के रूप में हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल मनासा भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।