रीवा। जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुआरी गांव में तालाब की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। हाई कोर्ट के निर्देश पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और तालाब की भूमि पर बने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया।
इस दौरान पूरे क्षेत्र में काफी हलचल रही। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने व्यवधान उत्पन्न करने वाले कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक तालाब की जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की।
एसडीएम अनुराग तिवारी ने बताया कि हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में तालाब की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस भी दिया गया था। उन्होंने कहा कि शासकीय जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।