नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में विकास कार्यों और सड़क चौड़ीकरण का क्रम लगातार जारी है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 25 स्थित जैन कॉलोनी के रहवासियों को जैन स्थानक भवन के पास मार्ग पर 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण की सौगात मिली है।
गुरुवार को नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा निर्माण स्थल पर पहुंचीं और सीसी रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनका मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया तथा सड़क निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, साथ ही स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा हाल ही में लायंस चौराहे से जैन भवन रोड तक सड़क चौड़ीकरण कर आकर्षक सड़क का निर्माण कराया गया है।
इसी क्रम में जैन स्थानक भवन से जैन कॉलोनी की गली में राठौर परिसर के पीछे तक लगभग 90 मीटर लंबी और 8 मीटर चौड़ी सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर जैन समाज के वरिष्ठ जम्बु कुमार जैन, लाला बम, शंभू बम, पुखराज छींगावत, आशीष जैन, राहुल खाबिया, संजय चोपड़ा, भारत कोठारी, विनय कोठारी, रानू छींगावत, सिंपल कोठारी, प्रशांत श्रीमाल, पार्षद आलोक सोनी, योगेश कवीश्वर, रूपेंद्र लोक्स, विनीत पाटनी, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, लोक निर्माण विभाग के अब्दुल नईम, अर्जुन राठौर, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, रवि भंडारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।