मुरैना। शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। नगर निगम और यातायात पुलिस की अनदेखी के चलते शहर की सड़कों पर हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को दिनभर जाम से जूझना पड़ रहा है। इस अव्यवस्था का खामियाजा आम नागरिकों के साथ-साथ मरीजों को भी भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है।
शहर की प्रमुख सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। खासतौर पर एमएस रोड पर जिला अस्पताल मुरैना के सामने से लेकर पुल चौराहा तक लंबा जाम आम बात हो गई है। हालात ऐसे हैं कि अगर किसी मरीज को एंबुलेंस से अस्पताल लाना या ले जाना हो, तो करीब 2 किलोमीटर का रास्ता तय करने में लगभग 20 मिनट लग जाते हैं।
शादी समारोह के सीजन में यह समस्या और भी बढ़ जाती है। शहर के गार्डन और मैरिज होम के बाहर पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे कई-कई घंटे तक जाम लगा रहता है।
इतना ही नहीं, नेशनल हाईवे पर भी कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। सर्विस रोड पर मैकेनिकों द्वारा किए गए अतिक्रमण और सड़क किनारे खड़े ट्रकों के कारण यातायात प्रभावित होता है और कई बार 2 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
हालांकि नगर निगम और प्रशासन द्वारा शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कई बार योजनाएं बनाई गईं, लेकिन वे जमीन पर लागू होती नजर नहीं आईं। सड़क सुरक्षा को लेकर बैठकें तो होती हैं, मगर उनके फैसले धरातल पर उतरते नहीं दिख रहे।
ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि आखिर शहरवासियों को इस जाम की समस्या से कब राहत मिलेगी और प्रशासन कब सख्त कार्रवाई कर व्यवस्था सुधारने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।