मंदसौर। पुलिस चौकी कचनारा थाना दलौदा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 208 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अफीम के परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा शुभम व्यास और चौकी प्रभारी कचनारा उपनिरीक्षक पूर्णिमा सिंह की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

12 मार्च 2026 को मुखबिर सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक सीताराम शर्मा व टीम ने आक्या-सरसौद मार्ग स्थित हनुमान मंदिर आश्रम के पास से आरोपी टम्मु सिंह पिता अमर सिंह देवड़ा (36) निवासी बेहपुर थाना भावगढ़ और दिलीप सिंह पिता सरदार सिंह डोडिया (45) निवासी नवेली थाना कालूखेड़ा जिला रतलाम को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से 4 किलो 208 ग्राम अफीम और परिवहन में उपयोग की जा रही हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 43 EG 0103 जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अफीम बेहपुर निवासी टम्मुसिंह पिता गोकुल सिंह देवड़ा से लाना बताया। इसके आधार पर पुलिस ने उसे सहआरोपी बनाते हुए प्रकरण में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट की वृद्धि की है।

थाना दलौदा में अपराध क्रमांक 106/2026 धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना दलौदा एवं चौकी कचनारा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
