रामपुरा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रामपुरा में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 6 फर्मों का आकस्मिक निरीक्षण किया और जांच के लिए 20 खाद्य नमूने लिए। कई स्थानों पर नियमों का पालन नहीं मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी किए गए।
यह कार्रवाई 12 मार्च 2026 को कलेक्टर के निर्देश पर अभिहित अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में की गई। टीम ने लक्की भोजनालय, दुआ किराना, मानकचंद-नाथूलाल, शैलेंद्र किराना स्टोर, प्रियंका भोजनालय और मानसरोवर फैमिली रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर आटा, दाल, चावल, बेसन, तेल, पनीर, दही सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और एफएसएसएआई प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किए गए।
सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी और यशवंत कुमार शर्मा द्वारा की गई।