शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में गैस सिलेंडर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज तो आ रहा है, लेकिन टंकी घर तक नहीं पहुंच रही। इस मामले ने अब सियासी रंग भी ले लिया है। सुजालपुर में कांग्रेस नेताओं ने चूल्हा जलाकर चाय बनाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
दरअसल शाजापुर शहर में कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाए हैं कि गैस सिलेंडर की बुकिंग करने के बाद उनके मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज आ जाता है, लेकिन सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचता। जब उपभोक्ता गैस गोदाम पहुंचते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि उनके नाम से सिलेंडर पहले ही डिलीवर दिखाया जा चुका है और अब नई बुकिंग के लिए करीब 25 दिन का इंतजार करना पड़ेगा।
इसको लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि उनके नाम से सिलेंडर डिलीवर दिखाकर खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। हालांकि गैस गोदाम संचालक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद बताया है।
वहीं इस मुद्दे ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। सुजालपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे चूल्हा जलाकर उस पर चाय बनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है और सरकार को तुरंत दाम कम कर जनता को राहत देनी चाहिए।
फिलहाल सिलेंडर को लेकर उठे इन सवालों ने व्यवस्था पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करता है और आम उपभोक्ताओं को कब राहत मिलती है।