नीमच। जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की टीम ने मनासा क्षेत्र में चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई ग्राम खानखेड़ी जीरो पॉइंट पर अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना पर की गई।
खनिज अधिकारी गजेंद्र सिंह डाबर ने बताया कि खनिज निरीक्षक सुनील जाधव एवं टीम ने अभियान चलाकर रेत का अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करते हुए चार वाहनों को मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियम 2022 के तहत जब्त किया।
जब्त किए गए वाहनों में ट्रैक्टर आयशर 485, स्वराज 735, ट्रैक्टर क्रमांक MP14 AC 1975 और फार्मट्रैक 45 शामिल हैं। सभी वाहनों को पुलिस थाना मनासा की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।