चित्तौड़गढ़। चंदेरिया और भोईखेड़ा के बीच बेडच नदी पर काजवे निर्माण की घोषणा होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। राजस्थान सरकार द्वारा वर्ष 2026 के बजट में काजवे निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
भोईखेड़ा के निवर्तमान पार्षद बालकिशन भोई ने बताया कि आजादी के बाद से ही भोईखेड़ा क्षेत्र के लोगों की मुख्य मांग बेडच नदी पर काजवे निर्माण की थी, जो अब बजट घोषणा में पूरी हुई है। विधायक आक्या ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
काजवे के निर्माण से भोईखेड़ा, मानपुरा, गोपालनगर, सेमलपुरा, दमदमा, भेरूसिंह जी का खेड़ा, आछोड़ा, बस्सी और घाटा सहित कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही चंदेरिया, बिरला सीमेंट वर्क्स, रीको और हिन्दुस्तान जिंक तक आवागमन आसान होगा तथा शहर में यातायात का दबाव भी कम होगा।
शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 56 शिव शक्ति नगर और वार्ड क्रमांक 57 भोईखेड़ा के लोगों ने विधायक के कार्यालय पहुंचकर उन्हें उपरना ओढ़ाकर और मेवाड़ी पाग पहनाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर बालकिशन भोई, गणेश भोई, कालू भोई, श्यामलाल भोई, नारायण भोई, हीरालाल भोई, धन्ना भोई, भागचंद भोई, गोपाल भोई सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।