छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के पाय में बन रहे रेलवे पुल के पास बड़ा हादसा हो गया। गढ़ीमलहरा से खजुराहो जा रहे दो युवक बाइक सहित पुल के गड्ढे में गिर गए, जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार गढ़ीमलहरा निवासी हरेंद्र अनुरागी (23 वर्ष) अपने चचेरे भाई श्याम अनुरागी के साथ बाइक से खजुराहो जा रहे थे। पाय में रेलवे पुल के निर्माण कार्य के पास बने गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एम्बुलेंस से राजनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरेंद्र अनुरागी को मृत घोषित कर दिया। वहीं श्याम अनुरागी के सिर में गंभीर चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और मां-बाप व परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन मौके पर किसी भी प्रकार के रेडियम या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद ठेकेदार ने सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए।
रात करीब 9 बजे हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।