छतरपुर। जिले के राजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का त्रैमासिक क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम राजनगर के जनपद पंचायत सभागार कक्ष में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, भोपाल के निर्देशन तथा जिला समन्वयक एवं ब्लॉक समन्वयक के मार्गदर्शन में विक्रमपुर सेक्टर की नवांकुर संस्था रिसर्च इंडिया लोक कल्याण सोसायटी द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर संभाग समन्वयक दिनेश उमरया, जिला समन्वयक आशीष ताम्रकार, ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा तथा मंडल अध्यक्ष कमलेश पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला पहनाकर किया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में संभाग समन्वयक दिनेश उमरया ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की परिकल्पना, स्वैच्छिक सामूहिकता और स्वावलंबन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने परिषद की क्रांति यात्रा के उद्देश्यों से प्रतिभागियों को अवगत कराते हुए प्रस्फुटन समितियों से अपने-अपने गांवों में आदर्श कार्यों का चयन कर उन्हें गति देने का आह्वान किया। साथ ही “गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में” जैसे सामाजिक परिवर्तन के विचारों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में नवांकुर संस्था रिसर्च इंडिया लोक कल्याण सोसायटी के अध्यक्ष भरत यादव, उद्यानिकी विभाग प्रभारी श्याम बाबू प्रजापति तथा परामर्शदाता जितेंद्र सिंह और मीनू सिंह द्वारा विक्रमपुर सेक्टर की छह प्रस्फुटन समितियों के प्रशिक्षणार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसी के साथ त्रैमासिक क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।