नीमच। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को नीमच प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही विकास गतिविधियों की समीक्षा की।
बैठक में घरेलू गैस और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, पेयजल योजनाओं का क्रियान्वयन, समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारी, ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट से निपटने की कार्ययोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा (जावद), दिलीप सिंह परिहार (नीमच), अनिरुद्ध मारू (मनासा), जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकिता पड्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सर्किट हाउस पहुंचने पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों से संक्षिप्त चर्चा के बाद प्रभारी मंत्री नीमच से मंदसौर के लिए रवाना हो गईं।