कसरावद। जनपद पंचायत कसरावद के ग्राम बोरावा में 20 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर लगाए गए कथित वसूली के आरोपों का आयोजन समिति ने खंडन किया है। समिति के सदस्य राजेश बागदरे ने प्रेस वार्ता आयोजित कर स्पष्ट किया कि किसी भी जोड़े से ₹5100 की राशि न तो ली गई है और न ही किसी पर किसी प्रकार का आर्थिक दबाव डाला गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें समय-समय पर संशोधन होते रहते हैं। जिले में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों में जोड़ों की संख्या सीमित रहती है और पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए समिति सामाजिक सहयोग के साथ आयोजन करती है।राजेश बागदरे ने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों पर समिति के खिलाफ गलत जानकारी फैलाकर आयोजन को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति निराधार आरोप लगाता है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान दीपक उपाध्याय ने भी समिति का समर्थन करते हुए कहा कि अध्यक्ष सहित पूरी कमेटी ने जरूरतमंद परिवारों की मदद की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह कराने का अवसर मिलता है और समाज के सहयोग से यह आयोजन सफल बनाया जाएगा।