उज्जैन। नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने शनिवार सुबह शिप्रा नदी के रामघाट, निर्माणाधीन यूनिटी मॉल तथा नगर निगम द्वारा आयोजित नेशनल लोक अदालत (जोन क्रमांक 6) का निरीक्षण किया। इस दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा भी साथ मौजूद रहे।
आयुक्त भोंडवे ने रामघाट पहुंचकर सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने शिप्रा नदी के घाटों पर हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण और सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने नगर निगम द्वारा जोन क्रमांक 6 में आयोजित नेशनल लोक अदालत का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संपत्ति करदाताओं से चर्चा कर डिजिटल पीओएस मशीन के माध्यम से कर जमा करने की प्रक्रिया देखी और राजस्व वसूली की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त भोंडवे ने उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा नानाखेड़ा क्षेत्र में बनाए गए नैवेद्य लोक परिसर तथा इंदौर रोड पर निर्माणाधीन यूनिटी मॉल का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी और जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।