चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड की वार्षिक आमसभा शनिवार को इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। कार्यक्रम में सांसद सी पी जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गडरी, बद्रीलाल जाट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आमसभा की अध्यक्षता भंडार के चेयरमैन सुरेश झंवर ने की।
सांसद सी पी जोशी ने चेयरमैन सुरेश झंवर के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भंडार ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सुरेश झंवर के कार्यभार संभालने के बाद भंडार ने व्यापारिक गतिविधियों में विस्तार करते हुए चित्तौड़गढ़ में व्यापार के नए आयाम स्थापित किए हैं।
स्वागत उद्बोधन में चेयरमैन सुरेश झंवर ने वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनके अध्यक्ष बनने से पहले भंडार को 33 लाख रुपये का घाटा था, जिसे संचालक मंडल के सामूहिक प्रयास और प्रभावी निगरानी से मात्र छह माह में समाप्त कर 1 लाख 89 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2024-25 में भंडार ने लगभग 27 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भंडार द्वारा प्रधान कार्यालय पर दो सुपर बाजार, 17 मेडिकल शॉप, जेल में स्टोर्स तथा छात्रावासों सहित विभिन्न सरकारी संस्थाओं में मांग के अनुसार वस्तुओं की आपूर्ति कर व्यवसाय किया जा रहा है। उन्होंने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भंडार के प्रधान कार्यालय परिसर में शीघ्र ही एक बहुमंजिला बहुउद्देश्यीय भवन का निर्माण किया जाएगा, जो बड़े शहरों की तर्ज पर मिनी मॉल के रूप में विकसित होगा। इसमें एक ही छत के नीचे दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि सहकारी संस्थाएं व्यापार और जनहित दोनों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ का उपभोक्ता भंडार जिस प्रकार से विकास की ओर अग्रसर है, वह अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। वहीं विधायक चंद्रबान सिंह आक्या ने कहा कि सहकारिता की मजबूती से आमजन को गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध होती हैं। उन्होंने भंडार की प्रगति पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह संस्था चित्तौड़गढ़ के व्यापारिक क्षेत्र में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गडरी ने चेयरमैन सुरेश झंवर को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। पूर्व जिलाध्यक्ष मिठूलाल जाट ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला। महाप्रबंधक नानालाल चावला ने आमसभा के दौरान सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देते हुए भंडार की विभिन्न योजनाओं, कार्यप्रणाली और भविष्य की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी, डायरेक्टर कमलेश देवपुरा, दिनेश शर्मा, रमेश पुरोहित, बोथलाल मीणा, ललिता वीरवाल, मीनू कंवर सोलंकी और कैलाश भूतड़ा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। संचालन एडवोकेट प्रदीप काबरा ने किया।
बैठक में रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, गौरव त्यागी, शंभूलाल मेनारिया, सुशील शर्मा, प्रवीण सिंह राठौड़, सुरेश बांगड़ सहित भंडार के सदस्य, सहकारिता विभाग के अधिकारी गण, चित्तौड़गढ़ के व्यापारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।