रतलाम। जनपद पंचायत पिपलौदा में नवांकुर संस्था ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति शेरपुर के द्वारा रियावन (पिपलौदा) सेक्टर के अंतर्गत आने वाली ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य समिति सदस्यों को ग्राम विकास से संबंधित योजनाओं, समितियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ाने के बारे में जानकारी देना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम स्तर पर समस्याओं की पहचान, योजना निर्माण, पारदर्शिता तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक शिव शंकर शर्मा तथा नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि राकेश पाटीदार ने समिति सदस्यों को ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं परामर्शदाता अनिल पाटीदार द्वारा जन अभियान परिषद की अवधारणा एवं उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी गई। परामर्शदाता कांतिलाल ने प्रशिक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से समिति सदस्यों की क्षमता बढ़ती है और वे ग्राम विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल जी जैन ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम विकास में समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और जनभागीदारी से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। सोमनाथ जी सीएम इंटर्न भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अंत में नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि राकेश पाटीदार ने उपस्थित सभी समिति सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सेक्टर अंतर्गत विभिन्न ग्रामों से आए समिति सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।