हरदा। जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार शाम श्किसान अधिकार आंदोलनश् की रूपरेखा तय करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 18 मार्च को मुख्यमंत्री के हरदा दौरे के दिन कांग्रेस चना, मक्का और गेहूं की एमएसपी पर उचित खरीदी सुनिश्चित करवाने के लिए यह आंदोलन करेगी, जिसके लिए ब्लॉक अध्यक्षों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 18 मार्च को कृषि मेले और जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग सहित अन्य सौगातें देने हरदा आ रहे हैं। इसी दिन कांग्रेस द्वारा जिला स्तर पर किसानों की आवाज बुलंद करते हुए श्किसान अधिकार आंदोलनश् किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने आगामी 18 मार्च के आंदोलन की तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
जिलाध्यक्ष मोहन सांई ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, “वर्तमान में किसान अपने हक के लिए संघर्ष कर रहा है।” उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से श्गांव-गांवश् जाकर किसान भाइयों से संपर्क करने की अपील की।
सांई ने कहा कि वे स्वयं भी गांव-गांव का दौरा करेंगे और किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।
किसान चौपाल आयोजित कर सरकार पर बनाएंगे दबाव
बैठक में उपस्थित सभी ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में किसान चौपाल आयोजित करने की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य नहीं मिल जाता, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया है कि वे हर किसान तक पहुंचें और उन्हें इस आंदोलन से जोड़ें, ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके।
बैठक में ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सांई और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले मौजूद रहे। इनके अलावा हरदा ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास, टिमरनी ब्लॉक अध्यक्ष विनोद पटेल, मगरधा ब्लॉक अध्यक्ष संजय भायरे और रहटगांव ब्लॉक अध्यक्ष रामदीन पटेल शामिल हुए।
बैठक में सोनतलाई ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र विश्नोई, गौरीशंकर शर्मा, सूरज सिंह राजपूत, इकबाल अहमद, उमाशंकर विश्नोई, विजय सुरमा, गोविंद सुरमा, राहुल पटेल, राघवेंद्र पारे, मुन्ना पटेल, रमेश सोनकर और सुहागमल पवार सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।