चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देश पर प्रशासन, रसद विभाग और पुलिस के समन्वय से गठित जिला सतर्कता टीम द्वारा जिलेभर में घरेलू गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर अवैध भंडारण और उपयोग के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
राशमी उपखंड क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर टीम ने मौके पर जाकर जांच की। मुरोली चौराहे के पास स्थित जोगणिया किराना स्टोर से मुकेश लाल खटीक के यहां से 2 घरेलू गैस सिलेंडर और एक रिफिलिंग मोटर जब्त की गई और आगे की कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
इसी क्रम में टीम ने रावतभाटा उपखंड में रावतभाटा हेवी वाटर गैस एजेंसी और गंगरार उपखंड में गंगरार इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण कर उनके स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। सभी एजेंसियों को राज्य सरकार के गैस वितरण संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिले में कुल 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके अंतर्गत कुल 3,85,680 सक्रिय घरेलू गैस कनेक्शन हैं। वितरण के लिए जिले में 12,869 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।
ऑयल कंपनियों ने यह भी सुनिश्चित किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निर्बाध जारी है, इसलिए आमजन किसी अफवाह पर ध्यान न दें। व्यावसायिक उपयोग के लिए 19 किलो का गैस सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यकता अनुसार उपलब्ध कराया जाएगा। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सभी कंपनियों ने मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप नंबर और मोबाइल ऐप के माध्यम से गैस बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।