शुजालपुर। शुजालपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में Mohan Yadav वर्चुअल माध्यम से जुड़े और 200 नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री Inder Singh Parmar बाराती बनकर बारात के जुलूस में शामिल हुए और बारातियों के साथ नृत्य किया। कार्यक्रम में कुल 200 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 162 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा 38 जोड़ों का विवाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार काजी द्वारा कराया गया।
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि समाज में कम खर्च में विवाह करने की परंपरा को बढ़ावा देना चाहिए। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह बिना कर्ज के संपन्न हो सकता है।
इस दौरान शुजालपुर जनपद अध्यक्ष सीता देवी रामचन्द्र पटोदिया ने भी अपने बेटे का विवाह इसी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कराया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि एक विधानसभा क्षेत्र में अधिकतम 200 जोड़ों की सीमा तय की गई है। यदि इससे अधिक आवेदन आते हैं तो आगे पुनः मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में Riju Bafna, एसडीएम Rajkumar Haldar, जनपद सीईओ राणा जी सहित बड़ी संख्या में वर-वधू और उनके परिजन उपस्थित रहे।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि उनकी ड्यूटी सुबह 6 बजे से लगा दी गई थी, लेकिन सुबह 11 बजे तक उन्हें न तो नाश्ता मिला और न ही भोजन की कोई व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ही विवाह वेदी का कार्य संभालती हैं और पूरे विवाह कार्यक्रम को संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।