नीमच। मनासा विकासखंड में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत साढ़े ग्यारह हजार असाक्षरों ने शनिवार को आयोजित परीक्षा में भाग लिया।
विकासखंड सह समन्वयक साक्षरता मुकेश कुमार बामनिया ने बताया कि पिछले छह माह से 314 सामाजिक चेतना केंद्रों पर 15 वर्ष से अधिक उम्र के उन असाक्षरों को, जिनके पास पढ़ाई-लिखाई का कोई प्रमाण पत्र नहीं है और जो पढ़ना-लिखना नहीं जानते, अक्षर साथियों द्वारा पढ़ना-लिखना सिखाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल एनआईएलपी पर संस्था प्रभारी नोडल शिक्षकों ने कुल 12,218 असाक्षर महिला-पुरुषों का पंजीयन किया। इसमें से 11,500 महिला-पुरुषों ने उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा में भाग लिया।
नीमच जिले के डीपीसी दिलीप व्यास, बीआरसी राजेंद्र कुनेचा, विकासखंड साक्षरता सह समन्वयक मुकेश कुमार बामनिया और बीएससी उदयराम भाट ने परीक्षा का सघन निरीक्षण किया।
संपूर्ण मनासा विकासखंड में प्रदेश के साथ समन्वित रूप से उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।