मुरैना। जिले के सबलगढ़ में उस वक्त हड़कंप मच गया जब प्रशासन ने एक मैरिज गार्डन में संचालित हो रहे अवैध क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्रशासन को मौके से भारी मात्रा में नकली दवाइयां और कई आधुनिक मशीनें बरामद हुई हैं।
बताया जा रहा है कि सबलगढ़ के जगदम्बा मैरिज गार्डन में बिना किसी अनुमति के एक क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। प्रशासन को सूचना मिली थी कि यहां एक व्यक्ति डॉक्टर बनकर लोगों का इलाज कर रहा है। जब प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो क्लीनिक से बड़ी मात्रा में दवाइयां और कई आधुनिक मशीनें बरामद हुईं, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि क्लीनिक चलाने वाला व्यक्ति उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है और उसके पास किसी भी तरह की मान्यता प्राप्त डिग्री नहीं पाई गई है।सूत्रों के अनुसार आरोपी महिलाओं का भी उपचार करता था, जिससे कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन द्वारा बरामद दवाइयों और मशीनों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
हालांकि मौके से मिली मशीनों को लेकर नायब तहसीलदार और संबंधित बीएमओ की ओर से अभी तक कोई संतोषजनक जवाब सामने नहीं आया है।इधर इलाके में चर्चाएं यह भी हैं कि यहां भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधि भी संचालित हो सकती थी, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है।फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आरोपी डॉक्टर किस तरह की बीमारी का इलाज करता था या यहां कोई और अवैध गतिविधि चल रही थी।