मंदसौर। महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उमा विद्यालय में सुंदरलाल पटवा शासकीय मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा शिशु रोग विभाग के सहयोग से एचपीवी वैक्सीनेशन और सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्राओं को समय पर स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था। लगभग 500 छात्राओं ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विशेषज्ञों ने साझा की महत्वपूर्ण जानकारी-
डॉ. प्रिया बघेल (सहायक प्राध्यापक, स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. नायकी मिनारे (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, शिशु रोग) ने एचपीवी वैक्सीनेशन के लाभ, सुरक्षा और उपलब्धता के बारे में बताया। डॉ. सुनील कांत गुलेरी (विभागाध्यक्ष, सामुदायिक चिकित्सा) ने जागरूकता, समय पर स्क्रीनिंग और टीकाकरण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
रोचक प्रस्तुति के माध्यम से संदेश-
एमबीबीएस और इंटर्न छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सर्वाइकल कैंसर रोकथाम, स्वच्छता और एचपीवी वैक्सीन के महत्व को सरल और प्रभावी तरीके से छात्राओं तक पहुँचाया।
समापन और संदेश-
कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक, प्राध्यापक और स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे। मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी की टीम नियमित रूप से सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर एचपीवी टीकाकरण को बढ़ावा दे रही है।