झालावाड़ जिले की पंचायत समिति डग अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलवी उर्फ मंडी राजेंद्रपुर (चौमहला) में गंदगी की समस्या से आम लोग परेशान हैं। बोहरा मस्जिद के पास तथा स्टेट बैंक के पीछे की गली में नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से ग्राम पंचायत द्वारा नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। इसके कारण बोहरा मस्जिद के आसपास और स्टेट बैंक के पीछे वाली गली में नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है और जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं।
रहवासियों का कहना है कि इन हालातों के चलते मच्छरों की संख्या भी बढ़ने लगी है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही मच्छरों के कारण बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। खासकर रमजान के पवित्र माह में नमाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को गंदगी के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वार्ड की महिलाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज महिलाओं और रहवासियों ने जिला कलेक्टर व विकास अधिकारी से क्षेत्र में फैली गंदगी की जल्द सफाई कराने की मांग की है।
रहवासियों का कहना है कि ग्राम पंचायत की उदासीनता के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की अपील की है।