रतलाम। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, जिला रतलाम के विकासखंड पिपलोदा (सेक्टर-4) अंतर्गत ग्राम पंचायत कालूखेड़ा में ‘प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान’ के तहत एक दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण एवं दस्तावेजीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था ‘टॉप शिक्षण संस्थान’ के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
विकासखंड समन्वयक शिव शंकर शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान समितियों को संबोधित करते हुए बताया कि ‘नवांकुर सखी योजना’ के अंतर्गत प्रत्येक सखी को 11-11 पौधे वितरित किए गए थे। उन्होंने आगामी कार्ययोजना के तहत प्रस्फुटन वाटिका निर्माण और समितियों की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें जल संरक्षण, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और आदर्श ग्राम निर्माण की दिशा में प्रेरित करना है।
जिला चयन समिति सदस्य ईश्वरलाल पाटीदार ने शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवी संस्थाओं के गठन, बोर्ड-बैनर निर्माण और प्रभावी संस्था प्रबंधन जैसे तकनीकी विषयों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
परामर्शदाता अनिल पाटीदार ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (MSW/BSW) और जन अभियान परिषद की मूल अवधारणा पर प्रकाश डाला। वहीं टॉप शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष कन्हैयालाल पाटीदार ने समितियों को भविष्य में एक सशक्त एनजीओ के रूप में विकसित होने के लिए दस्तावेजीकरण के महत्व को समझाते हुए हर गतिविधि के लिए अलग-अलग रजिस्टर और व्यवस्थित लेखा-जोखा रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मामटखेड़ा, तालीदाना, कालूखेड़ा, सेमलखेड़ी और पींगराला के पदाधिकारी तथा नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में प्रस्फुटन समिति कालूखेड़ा के अध्यक्ष राहुल ने सभी का आभार व्यक्त किया।